धामपुर–स्योहारा शुगर मिल मार्गों पर गन्ना परिवहन वाहनों पर कब होगी सख़्त प्रवर्तन कार्रवाई..?

धामपुर–स्योहारा शुगर मिल मार्गों पर गन्ना परिवहन वाहनों पर कब होगी सख़्त प्रवर्तन कार्रवाई?
बिजनौर | 21 दिसम्बर, 2025
गन्ना परिवहन में अनियमितताओं और ओवरलोडिंग से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) बिजनौर श्री गौरी शंकर ठाकुर द्वारा आज उत्तम शुगर मिल, बड़का्तपुर परिसर में गन्ना परिवहन में संचालित वाहनों के विरुद्ध प्रवर्तन कार्रवाई की गई।




कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों को सख़्त निर्देश दिए गए कि वे ओवर-हाइट या बॉडी से अधिक गन्ने की ढुलाई न करें। अधिकारियों ने बताया कि बॉडी से बाहर निकला गन्ना सड़क पर गिरकर विशेषकर दो-पहिया और कार चालकों के लिए गंभीर खतरा बनता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है।
इस संयुक्त अभियान में यातायात प्रभारी श्री रवि नयन अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। मौके पर मौजूद वाहन चालकों एवं शुगर मिल प्रबंधन को यह भी निर्देशित किया गया कि सभी गन्ना वाहनों के पीछे रिफ्लेक्टर युक्त 4 मीटर लंबा लाल साटन कपड़ा अनिवार्य रूप से लगाया जाए, ताकि रात्रि में दृश्यता बढ़े और दुर्घटनाओं में कमी आए।
इसके अतिरिक्त, स्कूली वाहनों के संचालन समय में गन्ना ट्रकों की आवाजाही को गन्ना सेंटर से न्यूनतम रखने के निर्देश भी दिए गए।
मिल प्रबंधन ने सभी बिंदुओं पर सहमति व्यक्त करते हुए अनुपालन का आश्वासन दिया।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि धामपुर और स्योहारा शुगर मिल मार्गों पर इस प्रकार की निरंतर और समान रूप से सख़्त प्रवर्तन कार्रवाई होती रहे, तो सड़क सुरक्षा में वास्तविक सुधार संभव है।
— आईरा न्यूज़ नेटवर्क





