REET धांधली को झुंझुनू में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने डोटासरा को दिखाए काले झंडे, कांग्रेसियों ने बरसाए लठ्ठ
झुुंझुनूंं : REET में धांधली को लेकर विरोध कर रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कांग्रेसियों ने लठ्ठ मारकर दौड़ाया। इतना ही नहीं पुलिस और कांग्रेसियों ने गर्दन पकड़कर डोटासरा के काफिले से दूर करने का प्रयास किया। दरअसल, बुधवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा झुंझुनूं में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे थे।
उनका काफिला जैसे ही शहर के अग्रसेन सर्किल के पास पहुंचा तो भाजयुमो कार्यकर्ता उनकी गाड़ी की ओर दौड़े और काले झंडे दिखते हुए नारेबाजी भी की। बीजेपी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की जानकारी पुलिस को भी नहीं थी। अचानक हुए प्रदर्शन से काफिले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखा रहे भाजयुमो कार्यकर्ताओं को लठ्ठ मार-मारकर दौड़ाया।
घटना पर बीजेपी का कहना है कि जब सेवादल के कार्यकर्ता लठ्ठ चला रहे थे तब पुलिस मूक दर्शक बन देखती रही। भाजपा जिलाध्यक्ष पवन माण्डिया ने कहा कि डोटासरा अपने गुंडे लेकर चल रहे थे। उनका कहना है कि भाजयुमो कार्यकर्ताओं को काफी चोट आई है। भाजयुमो कार्यकर्ता केवल वहां विरोध दर्ज कराने गए थे। अचानक उन पर सेवादल कार्यकर्ताओं ने हमला कर दिया।
वहीँ, कांग्रेस जिला प्रवक्ता मुरारी सैनी ने बताया कि बीजेपी पदाधिकारी झूठा आरोप लगा रहे हैं। मारपीट करने वाले कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं थे। गलत तरीके से विरोध किया था, जिसका पुलिस ने अलग तरीके से जवाब दिया। उन्होंने बताया कि मारपीट करने वाले कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं थे।





