नौकरी दिलाने के नाम पर 2.50 लाख की ठगी, सफाई कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज

देहरादून / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 2.50 लाख रुपये ठगने के आरोप में सफाई कर्मचारी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर रोड, पटेल नगर, देहरादून निवासी अंकुश पुत्र राम सरन ने पटेलनगर पुलिस को तहरीर देकर बताया कि हरकेश मीना पुत्र दुर्जन लाल, निवासी हेमपुर डिपो, काशीपुर, वर्तमान में 39 एफएडी, भरतपुर, राजस्थान में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। उसने नौकरी लगवाने का झांसा देकर उससे मोटी रकम ऐंठ ली।
अंकुश के अनुसार वह उस समय इंद्रेश हॉस्पिटल, देहरादून में कार्यरत था, जहां अशोक कुमार का कैंसर का इलाज चल रहा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात अशोक कुमार के माध्यम से हरकेश मीना से काशीपुर में हुई। हरकेश ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया।
आरोप है कि हरकेश ने 15 जुलाई 2023 को 1.50 लाख रुपये नकद हेमपुर डिपो, काशीपुर में लिए। इसके बाद 6 दिसंबर 2023 को 50 हजार रुपये और 19 जुलाई 2024 को 50 हजार रुपये ऑनलाइन माध्यम से अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। कुल मिलाकर 2.50 लाख रुपये लेने के बाद भी न तो उसे नौकरी दिलाई और न ही पैसे वापस किए।
अंकुश ने तहरीर में बताया कि जब उसने पैसे वापस मांगने के लिए बार-बार संपर्क किया तो हरकेश ने उसे धमकी दी कि अधिक फोन करने पर जान से मारने की धमकी दी।
पटेलनगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


















