बन्द मकान से सट्टे की खाईबाड़ी पकड़ी, 11300 की नगदी, स्कूटी व 3 मोबाइल बरामद

चरथावल क्षेत्र में बंद पड़े कमरे में चल रहा था काला कारोबार, खाकी ने कर डाला राजफाश
चरथावल/मुजफ्फरनगर। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बन्द पड़े मकान में बड़े स्तर पर चल रही सट्टे की खाईबाड़ी की सूचना पर छापेमारी करते हुए मौके से दो सट्टेबाजों को सट्टे की खाईबाड़ी करते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। चरथावल थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के ग्राम दधेडू कला में एक बन्द मकान में बड़े स्तर पर सट्टे की खाईबाड़ी की जा रही है। सूचना पर चरथावल प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में दधेडु चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने कांस्टेबल देवदर्शन, मुनमुन सैन, आशांकपाल, जयपाल सिंह आदि पुलिस फोर्स के साथ मिलकर कुलदीप के बन्द पड़े मकान में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने सट्टे की खाई बाड़ी करते रंगे हाथ मौके से दो सट्टेबाजों कुलदीप पुत्र पूरण निवासी ग्राम दधेडू कला व मौ०शाकुब अली पुत्र रियासत निवासी मिमलाना थाना कोतवाली नगर को गिरफ़्तार किया है। पुलिस में आरोपियों के कब्जे से 11300 की नगदी सहित सट्टा सामग्री एवं 3 मोबाईल फोन तथा एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने पकड़े गए दोनों सट्टेबाजों का चालान कर जेल भेज दिया है।

















