रात्रि ठहराव कार्यक्रम का लक्ष्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद : एडीसी सोनू भट्ट

रात्रि ठहराव कार्यक्रम का लक्ष्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद : एडीसी सोनू भट्ट
सुल्तानपुर गांव में रात्रि ठहराव पर पहुंचे एडीसी सोनू भट्ट आमजन की समस्याओं के मौके पर किया समाधान
संवाददाता
एस आर योगी
एसडीएम अशोक कुमार, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार व डीएसपी महावीर सिंह सहित अधिकारी पहुंचे रात्रि ठहराव कार्यक्रम में
करनाल, 1 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों की अनुपालना में वीरवार को देर सांय करनाल के एडीसी सोनू भट्ट रात्रि ठहराव के लिए नीलोखेड़ी के गांव सुल्तानपुर पहुंचे। यहां उन्होंने गांववासियों की समस्याओं को सुना और मौके पर निवारण किया।
रात्रि ठहराव के दौरान सरपंच जसमेर चौहान ने एडीसी सोनू भट्ट व अन्य अधिकारियों का स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने बारी-बारी से गांववासियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याएं रखी। इनमें से कुछ समस्याओं का निवारण मौके पर किया गया जबकि कुछ समस्याओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही करने के लिए दिया गया।
एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही लाभार्थियों तक पहुंच सके और जमीनी स्तर पर आ रही चुनौतियों को समझा जा सके। इस कार्यक्रम में गांव से संबंधित जो भी समस्याएं सामने आई हैं, उनका समाधान करवाया जाएगा। जिला प्रशासन जनता की सेवा के लिए हमेशा तैयार है।
समस्याओं का समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता
ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं एडीसी के समक्ष रखीं, जिनमें मुख्य रूप से मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बनवाने, बुढ़ापा पेंशन, मनरेगा, मजदूरी कॉपी, गांव में सफाई कर्मचारी, कब्रिस्तान की चारदीवारी, सरकारी स्कूल की मुख्य गली बनवाने बारे, सड़क निर्माण से संबंधित समस्या शामिल रही। एडीसी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
समाधान शिविर का फायदा उठाएं आमजन: एडीसी
एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार जिला में लघु सचिवालय सहित सभी उपमंडल कार्यालयों में प्रत्येक सोमवार और वीरवार को प्रातः: 10 बजे से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन समाधान शिविरों में बिजली, पानी, परिवार पहचान पत्र, बुढ़ापा पेंशन एवं अन्य संबंधित शिकायतों की मौके पर सुनवाई की जा रही है तथा समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और समस्याओं से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि समाधान शिविर का फायदा उठाएं व अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान पाएं।
इस दौरान एसडीएम अशोक कुमार, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार,डीएसपी महावीर सिंह, डीडीपीओ संजय टांक, बीडीपीओ प्रशांत सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।


















