धामपुर हुसैनपुर में तड़के फायरिंग व लूट की घटना, एक आरोपी हिरासत में-पुलिस अधीक्षक ने मौके का किया मुआयना !!
धामपुर हुसैनपुर में तड़के फायरिंग व लूट की घटना, एक आरोपी हिरासत में-पुलिस अधीक्षक ने मौके का किया मुआयना !!
धामपुर (बिजनौर)–अमित शर्मा
धामपुर क्षेत्र के ग्राम पुराना धामपुर (हुसैनपुर) में शनिवार तड़के हथियारबंद बदमाशों द्वारा कथित रूप से फायरिंग और लूटपाट की घटना सामने आई है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को हिरासत में लेने का दावा किया है, जबकि अन्य के फरार होने की बात कही जा रही है।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह विपिन कुमार तथा जन सेवा केंद्र संचालक अमित शर्मा के घर में तड़के करीब 3:30–4 बजे कुछ बदमाशों के घुसने का आरोप है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले फायरिंग की और फिर सीढ़ी लगाकर मकान के छज्जे के रास्ते घर में प्रवेश कर गए।
परिजनों के अनुसार उस समय अमित शर्मा की पत्नी पूजा शर्मा अपने बच्चों के साथ प्रथम तल पर सो रही थीं। घर में किसी के घुसने की आहट मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी अभय कुमार पांडे और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
सूत्रों का कहना है कि इस दौरान मकान की छत पर मौजूद एक बदमाश ने पुलिस पर गमले और पत्थर फेंके। बाद में पुलिस के घर में प्रवेश करने पर एक आरोपी को मौके से पकड़ लिया गया, जबकि उसका एक साथी कथित रूप से बैग लेकर फरार हो गया।
परिजनों का आरोप है कि बदमाश घर की आलमारी से लगभग चार लाख रुपये नकद, सोने की कंठी, कुंडल, चूड़ियां, अंगूठियां और करीब 20 चांदी के सिक्के लेकर फरार हो गए। साथ ही घर के मुख्य गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ने और सोलर पैनल की प्लेट उखाड़ने की भी बात कही जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के कई लोग मौके पर पहुंच गए। इनमें धामपुर विधायक अशोक कुमार राणा, पूर्व विधायक डॉ. इंद्रदेव सिंह, डॉ. एनपी सिंह समेत विभिन्न सामाजिक व राजनीतिक संगठनों से जुड़े लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान शोएब अहमद के रूप में बताई जा रही है, जो कथित रूप से ई-रिक्शा चालक है और उसका घर पीड़ित के घर के सामने बताया जाता है। पुलिस ने एहतियातन आरोपी के घर की ओर जाने वाली गली में पुलिस बल तैनात कर दिया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी सनकी किसम का व्यक्ति है घटना से पहले आसपास के घरों के गेट व एक कार के शीशे तोड़ने की भी बात कही जा रही है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
























