नार्थ/ईस्ट

शिलांग में मुम्बई सिटी एफसी से हारी नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी

WhatsApp Image 2026-04-18 at 09.08.39
previous arrow
next arrow

शिलांग, 7 फरवरी: नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को बतौर मेजबान मेघालय की राजधानी शिलांग रास नहीं आई, क्योंकि हाईलैंडर्स शुक्रवार को पहली बार यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले जा रहे इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 मुकाबले में मुम्बई सिटी एफसी से 0-2 से हार गए। इस हार के साथ ही हाईलैंडर्स का नौ मैचों से चला आ रहा अपराजित रहने का सिलसिला टूट गया। मुम्बई सिटी एफसी की जीत में लेफ्ट-विंगर बिपिन सिंह ने 41वें और कप्तान लालियानज़ुआला छांगटे ने 90+2वें मिनट में गोल किए।

आज, हाईलैंडर्स की अपने नए घरेलू मैदान में हार से स्पेनिश हेड कोच जुआन पेड्रो बेनाली निश्चित रूप से निराश होंगे। नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी 20 मैचों में सात जीत, आठ ड्रा और पांच हार से 29 अंक लेकर तालिका में चौथे से पांचवें स्थान पर लुढ़क गई है। वहीं, आइलैंडर्स की शानदार जीत से चेक हेड कोच पीटर क्रेटकी जरूर प्रसन्न होंगे। मुम्बई सिटी एफसी 19 मैचों में आठ जीत, सात ड्रा और चार हार से 31 अंक लेकर तालिका में छठे से चौथे स्थान पर पहुंच गई है।

मैच का पहला गोल 41वें मिनट में आया, जब लेफ्ट-विंगर बिपिन सिंह ने मुम्बई सिटी एफसी को शुरुआती बढ़त दिलाते हुए स्कोर 1-0 कर दिया। दाहिनी तरफ टच लाइन के करीब से मिडफील्डर ब्रैंडन फर्नांडेज ने क्रॉस डालकर गेंद को फार पोस्ट की तरफ पहुंचाया, जहां मौजूद बिपिन ने सटीक हैडर लगाया और गेंद टिप्पा खाकर टॉप राइट कॉर्नर के अंदर गोल जाल में जा उलझी जबकि नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के गोलकीपर गुरमीत सिंह बायीं तरफ डाइव लगाकर भी बचाव नहीं कर पाए। यह इस सीजन में बिपिन का पहला गोल है।

सात मिनट में स्टॉपेज टाइम के दौरान 90+2वें मिनट में कप्तान लालियानज़ुआला छांगटे ने इस सीजन का अपना चौथा गोल करके मुम्बई सिटी एफसी की बढ़त को दोगुना करते हुए स्कोर 2-0 कर दिया। स्पेनिश सेंटर बैक टिरी ने अपने बॉक्स के बाहर से लंबी क्लीयरयंस करके गेंद को हाफ लाइन के पार पहुंचाकर काउंटर अटैक का मौका बनाया, जहां मौजूद छांगटे गेंद लेकर तेजी से दौड़े और बॉक्स के अंदर घुसने के बाद उन्होंने करारा ग्राउंडेड लेफ्ट फुटर शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर गुरमीत सिंह सही ढंग से पकड़ नहीं पाए और गेंद उनके हाथों से छूटकर लुढ़कती हुई राइट कॉर्नर के अंदर गोल लाइन के पार चली गई।

पहला हाफ मुम्बई सिटी एफसी के नाम रहा, क्योंकि आइलैंडर्स ने लेफ्ट-विंगर बिपिन सिंह के गोल की बदौलत बढ़त बनाई और उसे बरकरार रखा। लिहाजा, आइलैंडर्स 1-0 की बढ़त के साथ हाफ टाइम ब्रेक पर गए। गेंद पर ज्यादा नियंत्रण मुम्बई सिटी एफसी का 56 फीसदी रहा। आइलैंडर्स ने सिर्फ एक प्रयास किया और उस शॉट को टारगेट पर रखा, जिस कारण उस पर गोल आया। वहीं, गेंद पर 44 फीसदी कब्जा रखने वाली नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी की ओर से आठ प्रयास किए और दो शॉट टारगेट पर रहे लेकिन गोल नहीं आया।

यह आईएसएल में दोनों टीमों के बीच 22वां मुकाबला था और आज, मुम्बई सिटी एफसी ने 12वीं बार जीत दर्ज की है और नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी ने छह मैच जीते हैं। चार मुकाबलों में ड्रा रहा है। इस परिणाम के साथ ही इस सीजन में दोनों टीमों के बीच मुकाबलों में पलड़ा बराबर रहा, क्योंकि हाईलैंडर्स ने रिवर्स फिक्स्चर 3-0 से जीता था।

HALIMA BEGUM

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button