फेसबुक की दोस्ती बड़ी भारी ,साइबर ठगो ने ठग लिए 5 लाख ₹

रुद्रपुर /उत्तराखंड ( रिजवान अहसन),,,फेसबुक पर दोस्ती करके एक विदेशी महिला ने डॉलर गिफ्ट करने का झांसा देकर 4 लाख 98 हजार रूपये की ऑनलाईन ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर के आधार पर साईबर क्राइम पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम बखपुर, उत्तमनगर थाना पुलभट्टा निवासी विनोद कुमार पुत्र ज्ञानेन्द्र प्रसाद ने साईबर क्राइम पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी फेसबुक आईडी पर अज्ञात विदेशी महिला की जेनी सूरेज नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आयी थी रिक्वेस्ट को उसने स्वीकार कर लिया। फेसबुक पर दोस्ती करने के पश्चात उक्त विदेशी महिला ने विश्वास में लेकर विदेश से कुछ कीमती उपहार भेजने की बात कही एवं विदेशी व्हट्सअप नम्बर 447311559776 से चैट करने लगी। काफी समय तक बातें करने पर उसे विदेशी महिला पर विश्वास हो गया। फिर अचानक उसे एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा मोबाइल नंबर 762985 5061, 9046622172 से कॉल कर स्वयं को दिल्ली एयरपोर्ट से कस्टम एजेंट बताते हुए एक विदेशी पार्सल आने की जानकारी दी। जिसे जेनी सूरेज द्वारा भेजना बताया गया एवं पार्सल में महंगे उपहार होने के कारण इसका कस्टम चार्ज पेड करने को कहा गया। जिस पर यकीन करते हुए उसने कस्टम चार्ज पेड करने का निर्णय लिया और कुछ धनराशि ट्रांन्सफर कर दी। उसके बाद उक्त एजेन्ट ने कहा कि पार्सल के साथ 35 हजार डॉलर भी हैं जो सीधे आपको नहीं भेजे जा सकते हैं जिस हेतु आपका एटीएम बनाया जायेगा उसी में ये रूपये ट्रांसफर किये जायेंगे। जिसके चार्ज के लिए पुनः धनराशि ट्रांन्सफर की गयी। झांसे में आकर उसने अलग अलग बार बैंक खातों में कुल 4,98,000 रू0 जमा किये । बाद में उसे पता चला कि फर्जी फेसबुक फ्रेंड बनाकर और उपहार भेजने का लालच देकर उसके साथ ठगी की गयी है। साईबर क्राइम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


















