हाई वोल्टेज लाइन से चुरा लेते थे ट्रांसफार्मर, दो शातिर चोर चढ़े पुलिस के हाथ, बरामद हुआ चोरी का माल

जसपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,कुंडा कोतवाली पुलिस ने 11000 केवी की चलती हाई वोल्टेज लाइन को काटकर ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का ट्रांसफार्मर तार, तेल, नकद धनराशि तथा घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, 13 जनवरी 2026 को थाना कुंडा पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कुदइयावाला क्षेत्र स्थित लिप्टिस के बाग के पास एक महेन्द्रा पिकअप वाहन (UP30-AT-2804) को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन सवार दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे 11000 केवी की चालू लाइन को काटकर ट्रांसफार्मर चोरी करते थे। अभियुक्तों ने यह भी बताया कि इससे पूर्व वे जसपुर क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रईस अहमद पुत्र रियासत अली, निवासी माल गोदाम रोड, थाना सुभाष नगर, जनपद बरेली (उ.प्र.), उम्र लगभग 40 वर्ष तथा मोहम्मद सोहेल पुत्र कल्लू शाह, निवासी गुना जवार, थाना बहेड़ी, जनपद बरेली (उ.प्र.), उम्र लगभग 19 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से करीब 08 किलो ट्रांसफार्मर की तांबे की तार, 10 लीटर ट्रांसफार्मर तेल, एक ट्रांसफार्मर बुशिंग, 6500 रुपये नकद, अतिरिक्त कट्टे से 4.4 किलो तांबे की तार, एक लीटर तेल व एक बुशिंग तथा चोरी की घटना में प्रयुक्त महेन्द्रा पिकअप वाहन बरामद किया है।
अभियुक्तों के विरुद्ध थाना कुंडा में मु0अ0सं0-25/2026 तथा थाना जसपुर में मु0अ0सं0-43/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में थाना कुंडा पुलिस टीम के एसआई अर्जुन सिंह, एसआई प्रदीप कुमार, एएसआई दीपक चौहान, कांस्टेबल त्रिलोक एवं कांस्टेबल धर्मेंद्र भारती शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में चोरी, संपत्ति अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।























