मामूली विवाद ने लिया खौफनाक रूप, ब्लेड से हमला कर ऑटो चालक की हत्या

वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र के नेवादा सुंदरपुर इलाके में एक छोटी-सी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही पलों में जानलेवा संघर्ष में बदल गया। ऑटो चलाकर परिवार का पेट पालने वाले एक व्यक्ति पर युवक ने अचानक पेपर काटने वाला तेज ब्लेड चला दिया। गर्दन पर किए गए घातक वार से ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।
वारदात की सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस के साथ आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया। स्थिति की नजाकत को देखते हुए एडीसीपी क्राइम सरवण टी स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जो अचानक उग्र हो गई। इसी दौरान आरोपी युवक ने आपा खोते हुए ब्लेड से हमला कर दिया। आरोपी की पहचान नेवादा सुंदरपुर निवासी विवेक के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने मौके से ही हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी से घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।























