बहुत आसान हुआ अब मतदाता सूची मे अपना नाम खोजना,, जानिए कैसे?

देहरादून / उत्तराखंड ( रिज़वान अहसन ),,,,,मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम की पहल पर आगामी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर प्रदेश में वर्ष 2003 की मतदाता सूची में नाम खोजने की प्रक्रिया को और अधिक सरल बना दिया गया है। अब मतदाता केवल अपने गली, मोहल्ले एवं क्षेत्र (एरिया) के नाम के आधार पर भी वर्ष 2003 की मतदाता सूची में अपना नाम खोज सकेंगे।
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि प्रदेश में आगामी 10 जनवरी तक बीएलओ आउटरीच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर उनकी वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज जानकारी का मिलान कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ऐसे कई मतदाता हैं, जिन्हें अपने वर्ष 2003 के बूथ की सही जानकारी नहीं है।
मतदाताओं की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड की आधिकारिक वेबसाइट www.ceo.uk.gov.in पर वर्ष 2003 की मतदाता सूची को और अधिक सरल विकल्पों के साथ सर्च करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। पहले से उपलब्ध सुविधा के तहत मतदाता अपने विधानसभा क्षेत्र, अपने तथा अपने पिता/पति के नाम के आधार पर मतदाता क्रमांक एवं बूथ संख्या की जानकारी प्राप्त कर सकते थे। नए फीचर के तहत अब गली, मोहल्ले और क्षेत्र के नाम से भी मतदाता सूची में नाम खोजा जा सकेगा। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से बीएलओ को अपेक्षित जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता के मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ द्वारा हर मतदाता से समन्वय, संवाद और पहुंच बनाई जा रही है।























