कैसरबाग पुलिस ने टप्पेबाज गिरोह के 3 सदस्यों को दबोचा, सीसीटीवी की मदद से मिली सफलता

लखनऊ। थाना कैसरबाग पुलिस ने टप्पेबाजी की घटना का सफल अनावरण करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने 4 अप्रैल को उदयगंज निवासी एक महिला को बहला-फुसलाकर उसके कान के टॉप्स और मंगलसूत्र ठग लिए थे। पुलिस टीम ने करीब 15 किमी के दायरे में 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों को सआदत अली मकबरे के पास से घेराबंदी कर पकड़ा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान शंकर राठौर, सुनील राठौर और प्रदीप राय के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पीली धातु का एक लॉकेट और एक जोड़ी टॉप्स बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और अक्सर सीधी-सादी महिलाओं को झांसा देकर निशाना बनाते हैं। मुख्य आरोपी शंकर राठौर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर बदायूं और गोरखपुर में ठगी व नशीले पदार्थों की तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं।




























