कार्यशाला में दिया कक्षा प्रबंधन का प्रशिक्षण।

रिपोटर विकास सिंह
कार्यशाला में दिया कक्षा प्रबंधन का प्रशिक्षण।
स्योहारा रोड़ स्थित आर आर पब्लिक स्कूल में कक्षा प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। दो दिनों तक चली इस कार्यशाला में गुड लक पब्लिकेशन द्वारा नियुक्त मोनिका चोपड़ा ने बतौर प्रशिक्षक हिस्सा लिया। कार्यशाला में सर्वप्रथम स्कूल के उप प्रधानाचार्य टीकम सिंह, प्रशिक्षक मौनिका चौपड़ा, व जय भारत सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान 56 शिक्षकों को आठ समूहों में विभाजित किया गया। प्रशिक्षक मोनिका चौपड़ा ने कक्षा प्रबंधन के महत्व और सकारात्मक कक्षा वातावरण के निर्माण पर विस्तार से चर्चा करते हुए प्रभावी कक्षा अनुशासन तकनीकों और चुनौतीपूर्ण व्यवहारों के प्रबंधन के तरीके बताएं । सामान्य रूप से कक्षा कक्ष में आने वाली समस्याओं को हल करने के गुर सिखाए गए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से हम नियम व प्रक्रिया में निहित अंतर को समझते हुए अपने प्रशिक्षण कार्य को निखार सकते हैं। नई-नई तकनीक के उपयोग से जहां शिक्षण कार्य सरल व प्रभावी बनाया जा सकता है। वही विद्यार्थी भी लर्निंग में रुचि लेते हुए जल्द सीखते हैं । शिक्षकों को कक्षा प्रबंधन के अंतर्गत व्यवहार प्रबंधन, समय प्रबंधन व शिक्षक विषय वस्तु सामग्री प्रबंधन आदि के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। प्रशिक्षक ने विभिन्न क्रियाकलापों के माध्यम से प्रत्येक विषय को सरल और प्रभावशाली तरीके से समझाया । उन्होंने बताया कि इससे शिक्षण का स्तर भी ऊंचा होता है । शिक्षकों से उनके अनुभवों के बारे में जाना गया। मुख्य रूप से कार्यशाला में कक्षा प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर दिया गया। प्रत्येक शिक्षक को कक्षा प्रबंधन अवश्य सीखना चाहिए। जिससे उन्हें हर स्तर के विद्यार्थियों को प्रशिक्षित करने में मदद मिल सके। स्कूल के उप प्रधानाचार्य टीकम सिंह ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशाला शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती है। यह उनके शैक्षिक कौशल को निखारने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, जो कक्षा को अनुशासित और प्रेरणादायक बना सके । इस प्रकार के प्रशिक्षण शिक्षकों को और अधिक सक्षम बनाएंगे। स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सकारात्मक कक्षा वातावरण से आशय एक सुरक्षित और सहयोगी माहौल से है। एक अनुशासित और उद्देश्यपूर्ण कक्षा में छात्र अधिक सक्रिय और सफल होते हैं। स्वाति यादव के संचालन में आयोजित कार्यक्रम में अनुराग शर्मा,अजय चौहान, विरेंद्र चौधरी, चंचल कटारिया, कपिल कुमार,नरेंद्र कुमार, भूमिका चौहान, अनिल शर्मा, विरेंद्र चौहान दीपक कुमार, रजनीश चौहान, रीना रानी, पूनम कुमारी आदि उपस्थित रहे।























