79 वा स्वतंत्रता दिवस मनाया गया बड़ी धूम धाम और शानो शौकत के साथ

काशीपुर /उत्तराखंड,,,नगर और क्षेत्र के सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों के साथ-साथ नगर निगम में भी 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। इस मौके पर स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और करतबों से उपस्थित लोगों का दिल जीत लिया।
सुबह नगर निगम मुख्यालय में महापौर दीपक बाली ने ध्वजारोहण कर देश के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद नगर निगम सभागार में आयोजित भव्य समारोह में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा, पूर्व मेयर उषा चौधरी, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा सहित नगर के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रीमती राजदुलारी, वीर नारी ज्योत्स्ना प्रजापति (शहीद नायक मुकेश प्रजापति की धर्मपत्नी), पुष्पा रावत (स्व. महिपाल सिंह रावत की धर्मपत्नी), पूर्व सैनिक, राज्य आंदोलनकारी और समाजसेवियों को अंग वस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

महापौर दीपक बाली ने नाला गैंग, सफाई कर्मियों, स्वयंसेवी संगठनों, पर्यावरण मित्रों और स्कूली बच्चों का विशेष आभार जताते हुए कहा—
“नगर का विकास किसी एक व्यक्ति के प्रयास से संभव नहीं, इसमें हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।”
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में सुभाष चंद्र बोस छात्रावास, शिखर जूनियर हाई स्कूल और गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज के बच्चों ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटकों से समारोह को भावनाओं और देशप्रेम से भर दिया। विशेष रूप से पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित नाट्य मंचन ने दर्शकों को भावुक कर दिया।
अंत में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा ने सभी क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।





