हल्द्वानी मे हुए दोहरे हत्याकाण्ड का पुलिस ने किया खुलासा, पकडे गए हत्यारे

हल्द्वानी / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,दिनांक 12.02.2026 की प्रातः पुलिस कंट्रोल रूम को हल्द्वानी बड़ी मंडी क्षेत्र में 01 युवक तथा 01 युवती के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड तथा फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण व भौतिक साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। प्रथम दृष्टिया पत्थर से कुचलकर हत्या का मामला होना प्रकाश में आया। मामले की गम्भीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ0 मंजुनाथ टी0सी0 ने तत्काल घटनास्थल में जाकर हत्या के सभी पहलुओं एवं साक्ष्यों का बारीकी से अध्ययन किया तथा विशेष टीम गठित कर घटना के त्वरित अनावरण के निर्देश दिए गए।
मृतकों से प्राप्त दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों से सम्पर्क कर शिनाख्त की कार्यवाही के दौरान मृतकों की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा अल्मोड़ा तथा लक्ष्मी पोखरिया पुत्री श्री हेम चन्द्र पोखरिया निवासी ग्राम मल्ली पोखरी ओखलकांडा नैनीताल के रूप में हुई। मृतका के परिजन श्री सुरेश चन्द्र पोखरिया निवासी उपरोक्त की तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में एफ0आई0आर0 नंबर 52/2026 धारा 103 (1) BNS के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ0 जगदीश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी श्री मनोज कुमार कत्याल के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी श्री अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा घटना के विभिन्न पहलुओं, भौतिक साक्ष्य के आधार पर सीसीटीवी सर्विलांस, मैनुअल इंटेलिजेंस तथा सुरागरसी पतारसी के आधार पर उक्त सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में बताया–
अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे सभी साथ में बैठकर शराब पी रहे थे, इसी दौरान आरोपी लक्ष्मी के साथ छेड़खानी करने लगे जिस पर शुभम तथा लक्ष्मी ने विरोध किया। आपसी लड़ाई झगड़े में उन्होने शुभम की हत्या कर दी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपियो ने लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया तथा पहचान छिपाने के लिए दोनों के सिर पत्थर से कुचल दिए।
***नाम पता अभियुक्त-
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर पुत्र स्व0 उमेश सिंह निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष
सौरभ भट्ट उर्फ भटिया पुत्र विनोद चन्द्र भट्ट निवासी तीनपानी खन्ना फार्म डी क्लास बरेली रोड हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष
दीपू शर्मा उर्फ ध्रुव पुत्र स्व0 नन्हू लाल शर्मा निवासी वसुंधरा कॉलोनी बरेली रोड धानमिल हल्द्वानी उम्र 20 वर्ष
दीपेश लटवाल उर्फ राज पुत्र बहादुर सिंह लटवाल निवासी उत्तरांचल विहार बड़ी मुखानी पीलीकोठी हल्द्वानी उम्र 25 वर्ष,
***बरामदगी- हत्या में प्रयुक्त
पत्थर, मोबाईल फोन, गौरव तथा दीपू शर्मा के खून से सने हुए कपड़े।
























