साइकिल यात्रा भगवानपुर पहुँची, 17 फरवरी को वाराणसी में समापन

चौबेपुर /वाराणसी
मनरेगा में किए गए कथित मजदूर विरोधी बदलावों और नए कानून VB-G RAM G के विरोध में गांधीवादी युवाओं की मनरेगा बचाओ साइकिल यात्रा शुक्रवार को भगवानपुर पहुँची। 13 फरवरी को सैदपुर बाजार से जनसभा के साथ शुरू हुई यह यात्रा जौहरगंज, औड़िहार, पटना, कुसहीं, हथौड़ा, सिधौना, खरौना और रजवाड़ी सहित विभिन्न गांवों से गुजरते हुए मजदूरों से संवाद कर रही है।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि नए प्रावधानों के जरिए मनरेगा को कमजोर करने और काम के संवैधानिक अधिकार को सीमित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने मजदूरों को संभावित प्रभावों से अवगत कराया और उनकी समस्याओं को संकलित किया। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा से बड़ी संख्या में महिलाओं, दलितों, पिछड़ों और भूमिहीनों को रोजगार मिला, जिससे उनका सशक्तिकरण हुआ।
यह यात्रा 17 जनवरी को चौरी-चौरा (गोरखपुर) से शुरू होकर विभिन्न जनपदों से होती हुई वाराणसी पहुँच रही है। 17 फरवरी को भारत माता मंदिर से कचहरी स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा तक एकदिवसीय उपवास के साथ इसका समापन होगा। यात्रियों ने 400 रुपये न्यूनतम मजदूरी तय करने और कानून वापस लेने की मांग की।
























