सरैया वार्ड में नगर आयुक्त का प्रातः निरीक्षण,जनसुविधाओं में सुधार के दिए प्रभावी निर्देश

वाराणसी :- नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल द्वारा बुधवार को सरैया वार्ड के विभिन्न मुहल्लों का स्थलीय निरीक्षण किया गया | निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, क्षतिग्रस्त मार्ग,पेयजल आपूर्ति,सीवर ओवरफ्लो/वाटर लीकेज एवं मार्ग प्रकाश से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया | नगर आयुक्त ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को जनहित से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए | पेयजल एवं सीवर से संबंधित छोटी- छोटी तकनीकी कमियों को तत्काल दुरुस्त करने,क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत योजना शीघ्र तैयार कर कार्य प्रारंभ करने तथा खराब स्ट्रीट लाइट्स को तुरंत चालू कराने के निर्देश दिए गए | निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने कहा कि समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के माध्यम से नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है उन्होंने सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए नियमित निगरानी और समन्वय पर विशेष जोर दिया |
नगर आयुक्त के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा तत्काल कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई जिससे क्षेत्रीय नागरिकों को शीघ्र ही बेहतर सफाई,सुचारु पेयजल आपूर्ति, सुरक्षित मार्ग एवं सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था का लाभ मिलेगा | नगर निगम वाराणसी द्वारा जनसमस्याओं के समाधान हेतु निरंतर फील्ड निरीक्षण एवं त्वरित कार्यवाही का क्रम आगे भी जारी रहेगा ||





