समर स्टडी हॉल में आयोजित हुआ ‘एड्यूक्वेस्ट’ करियर काउंसलिंग सत्र

काशीपुर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,समर स्टडी हॉल विद्यालय में शुक्रवार को एनएस एजुकेशन सोसाइटी उत्तराखंड द्वारा एड्यूक्वेस्ट करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपने भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न विशेषज्ञों से पूछे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की अध्यक्ष मुक्ता सिंह एवं कार्यक्रम प्रबंधक मेहराज चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रबंधक मेहराज चौधरी ने बताया कि एड्यूक्वेस्ट का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को करियर विकल्पों की सही जानकारी उपलब्ध कराना और उन्हें लक्ष्य निर्धारण में सहायता प्रदान करना है।
सत्र में देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों जैसे शारदा विश्वविद्यालय दिल्ली, शिवालिक विश्वविद्यालय देहरादून, माया देवी विश्वविद्यालय देहरादून, एसएसआरएमआईटी विश्वविद्यालय पुणे, आईआईएम नोएडा, बेनेट यूनिवर्सिटी नोएडा, आईएमबीएस गुड़गांव, डीसीबी देहरादून सहित कई संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने वर्तमान शिक्षा प्रणाली, रोजगार के नए अवसरों और विद्यार्थियों की रुचि व क्षमता के अनुरूप उपयुक्त करियर चुनने के सुझाव दिए।
विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल और प्रभावी तरीके से समाधान प्रस्तुत किया। आयोजन छात्रों और अभिभावकों दोनों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहा। आयोजकों के अनुसार, ऐसे सत्र युवाओं को अपने भविष्य को लेकर सही दिशा चुनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में एनएस एजुकेशन सोसाइटी की पूरी टीम ने सहयोग किया। इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर अनुराग कुमार सिंह, प्रधानाचार्य अनुज भाटिया, उपप्रधानाचार्य मनु अग्रवाल सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
आयोजकों का विश्वास है कि यह काउंसलिंग सत्र विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।





