सब्ज़ी मंडी में दिनदहाड़े दबंगई, लाठी-डंडों से युवक की पिटाई,मुकदमा दर्ज

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के चंदुआ सब्ज़ी मंडी में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब सब्ज़ी खरीद रहे एक युवक अनन्त यादव निवासी लक्सा जद्दुमन्डी पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित युवक के अनुसार हमलावरों ने उसे जान से मारने की नीयत से बेरहमी से पीटा। घटना के बाद पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी 2026 की सुबह लगभग 10:45 बजे अनंत यादव चंदुआ सब्ज़ी मंडी में सब्ज़ी खरीद रहे थे। इसी दौरान दुकान संचालक राजकुमार एवं उसका पुत्र बाबू अपने तीन साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और मुल्यो को लेकर हुए नोक झोंक को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से अनंत यादव पर हमला कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावर तब तक मारते रहे जब तक स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव नहीं किया।
घटना की सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस हरकत में आई। पीड़ित की लिखित तहरीर पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2) और 191(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।






