वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

एसीपी ट्रैफिक सोमवीर सिंह ने कहा सड़क सुरक्षा की शिक्षा घर से ही शुरू होनी चाहिए,युवाओं में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर जतायी चिंता
पिछले 11 महीनों में जनपद में कुल 641 सड़क दुर्घटनाएँ हुई हैं जिनमें 325 लोगों की हुई मृत्यु – सुधांशु रंजन (एआरटीओ प्रवर्तन)
आर.जे.शंकरा आई हॉस्पिटल के सहयोग से लगाया गया निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर,काफ़ी संख्या में वाहन चालकों एवं आम नागरिकों ने कराया नेत्र जांच
अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, सीटबेल्ट लगाएं,यातायात नियमों के पालन करे जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके – सोमवीर सिंह (एसीपी ट्रैफिक)
वाराणसी :- वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन द्वारा 13 जनवरी मंगलवार को विश्वेश्वरगंज स्थित होटल सत्या में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया | कार्यक्रम के साथ- साथ आर.जे.शंकरा आई हॉस्पिटल के सहयोग से निशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या में वाहन चालकों एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर नेत्र जांच कराई | इस कार्यक्रम में परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ सामाजिक एवं विधिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही | कार्यक्रम में विवेक शुक्ल (अध्यक्ष बार एसोसिएशन) एवं जे.पी.तिवारी (अध्यक्ष वाराणसी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन) विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे | वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की ओर से रवीन्द्र सिंह (अध्यक्ष) एवं अभिषेक मिश्र (महामंत्री) ने मुख्य आयोजक की भूमिका निभाई | कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में सुधांशु रंजन (एआरटीओ प्रवर्तन) एवं सोमवीर सिंह (एसीपी ट्रैफिक) उपस्थित रहे | इसके अतिरिक्त अखिलेश पांडेय (पीटीओ वाराणसी) एवं धनंजय (टीआई वाराणसी) की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही |
कार्यक्रम की शुरुआत एसीपी ट्रैफिक सोमवीर सिंह के संबोधन से हुई उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा कि सड़क सुरक्षा की शिक्षा घर से ही शुरू होनी चाहिए | युवाओं में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने,सीटबेल्ट लगाने एवं यातायात नियमों के पालन के लिए सख्ती से प्रेरित करें जिससे दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके |
अपने संबोधन में एआरटीओ प्रवर्तन सुधांशु रंजन ने वाराणसी जनपद में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि पिछले 11 महीनों में जनपद में कुल 641 सड़क दुर्घटनाएँ हुई हैं जिनमें 325 लोगों की मृत्यु हुई उन्होंने कहा कि विभिन्न अध्ययनों के अनुसार इनमें से अधिकांश दुर्घटनाएँ एवं उनसे होने वाली मौतें यातायात नियमों का पालन करने से रोकी जा सकती हैं उन्होंने विशेष रूप से वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग को अत्यंत खतरनाक बताते हुए इससे दूर रहने की अपील की |
सुधांशु रंजन ने ‘राहवीर योजना’ की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की सहायता कर उसे समय पर अस्पताल पहुँचाने वाले व्यक्ति को सरकार द्वारा 25,000 रूपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है उन्होंने उपस्थित जनसमूह से अपील की कि यातायात नियमों का पालन केवल चालान के भय से नहीं,बल्कि अपनी स्वयं की सुरक्षा एवं परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए करें |
कार्यक्रम के साथ आयोजित निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर में आर.जे.शंकरा आई हॉस्पिटल की टीम ने जिसका नेतृत्व अविनाश द्वारा किया गया | लोगों की आँखों की जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया | कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, अधिकारियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया गया |
कार्यक्रम में राजाराम पाठक,राहुल गुप्ता, बंसीलाल गुप्ता,अदब अहमद,राहुल यादव, वीरेंद्र यादव,संदीप सिंह,दीनू यादव,संतोष कुमार यादव,विक्की जायसवाल,सतेंद्र सिंह,पप्पू गुप्ता,राजू साहनी,ओमप्रकाश गुप्ता,प्रशांत सिंह,रिशु सहित इत्यादि सदस्यगण उपस्थित रहे ||





