राशन वितरण मे अनियमित्ता पर पहुंची खाद्य पूर्ती निरिक्षक के साथ डीलर ने की मारपीट

लक्सर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,, यहाँ सरकारी राशन वितरण में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। मामला तब प्रकाश में आया जब राशन वितरण न होने की शिकायत पर खाद्य पूर्ति निरीक्षक दुकान का निरीक्षण करने पहुंचीं और उनके साथ राशन डीलर द्वारा हाथापाई का मामला सामने आया।

शिकायत मिलने पर खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता लक्सर गांव स्थित राशन डीलर सुषमा की दुकान पर निरीक्षण के लिए गईं। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाई गईं।
जब अधिकारी ने नियमों के तहत दुकान पर ताला लगाने की कार्रवाई की, तो राशन डीलर ने कथित तौर पर उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी।

खाद्य पूर्ति निरीक्षक बबीता ने बताया कि उन्हें शिकायत मिली थी कि राशन डीलर ग्रामीणों से अंगूठा लगवाकर पर्चियां तो दे रही थी, लेकिन राशन का वितरण नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा, निरीक्षण के दौरान राशन डीलर ने स्टॉक रजिस्टर भी नहीं दिखाया, जिससे अनियमितताओं का प्रमाण स्पष्ट हुआ। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुकान को बंद कर दिया है। कहा गया है कि कल स्टॉक रजिस्टर के साथ स्टॉक का मिलान किया जाएगा और अनियमितताओं की पूरी जांच की जाएगी।
वहीं, राशन डीलर सुषमा ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कोई शिकायत नहीं थी। उनका कहना है कि खाद्य पूर्ति निरीक्षक ने जानबूझकर हंगामा किया और दुकान पर ताला लगा दिया। खाद्य विभाग ने भी कहा है कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा और भविष्य में ऐसी अनियमितताओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे।






