मैनपुरी: गैस पाइपलाइन स्टोर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

मैनपुरी: गैस पाइपलाइन स्टोर में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
आईरा न्यूज़ एजेंसी जिला ब्यूरो सुबोधकुमार
मैनपुरी 14 जनवरी मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन पावर हाउस के पास स्थित एक सरकारी गैस पाइपलाइन स्टोर में भीषण आग लग गई। संसारपुर मोड़ के पास स्थित इस स्टोर में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक के पाइप रखे हुए थे, जिसके कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आसमान में धुएं का गुबार और आग की लपटें देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय निवासियों के अनुसार, स्टोर के पास लगे कूड़े के ढेर में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाई गई आग धीरे-धीरे स्टोर तक फैल गई।

आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और पानी व अन्य संसाधनों से इसे बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, आग इतनी भयानक थी कि स्थानीय लोगों के प्रयास विफल रहे। इसके बाद तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और लगभग आधे से एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया।
दमकल विभाग के अनुसार, इस अग्निकांड में स्टोर में रखे लाखों रुपये मूल्य के घरेलू गैस पाइप जलकर राख हो गए हैं। गनीमत रही कि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों का कहना है कि यदि आग बुझाने में थोड़ी भी देरी होती, तो आसपास के घने रिहायशी इलाकों में भी भारी नुकसान हो सकता था।






