पर्यटको के लाखों ₹ के गहने चुराने वाली महिला गिरफ्तार, माल बरामद

रामनगर / उत्तराखंड (रिज़वान अहसन ),,,,,ढेला स्थित ‘रेड रूफ इन’ होटल में ठहरे एक परिवार के कमरे से लाखों के जेवरात चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रामनगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी का अधिकांश माल बरामद कर लिया है।
हल्द्वानी निवासी शिकायतकर्ता आशीष बेलवाल अपने परिवार के साथ ढेला स्थित होटल के रूम नंबर 109 में ठहरे हुए थे। गुरुवार दोपहर अचानक उनकी पत्नी के सोने और डायमंड का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स गायब मिले। पीड़ित पक्ष ने तुरंत डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचित किया और थाने में लिखित तहरीर दी।
सूचना मिलते ही उप-निरीक्षक राजकुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। होटल में लगे CCTV कैमरों की जांच के दौरान एक संदिग्ध महिला की गतिविधियों पर शक हुआ। संदिग्ध महिला की पहचान शुभांगी पांडे (निवासी मल्लीताल, नैनीताल) के रूप में हुई। शुरुआत में आरोपी महिला पुलिस को गुमराह करती रही और घटना की जानकारी होने से साफ इनकार कर दिया। लेकिन जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 305(ए) के तहत मुकदमा (FIR No- 34/26) पंजीकृत कर लिया है। अभियुक्ता को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
* बरामदगी का विवरण
पुलिस ने अभियुक्ता के बैग की तलाशी ली, जिसमें से शिकायतकर्ता की पत्नी का सोने व डायमंड का मंगलसूत्र, कान के टॉप्स और 3,520 रुपये नकद बरामद हुए। बरामद गहनों की कुल कीमत लगभग ₹6.75 लाख आकी गई है, जबकि चोरी हुई कुल संपत्ति करीब 7.50 लाख रुपये की थी।























