उत्तरप्रदेश

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए के शर्मा ने मऊ भ्रमण के दौरान संत शिरोमणि श्री रविदास जयंती पखवाड़ा कार्यक्रम में की सहभागिता

IMG-20260127-WA0039
previous arrow
next arrow

संत रविदास जी के विचार समाज को आज भी दिशा देने वाले : नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री

उसुरी कुटी के विकास हेतु वंदन योजना के अंतर्गत 2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव प्रक्रियाधीन

मऊ एवं मधुबन में तेजी से हो रहे हैं विकास कार्य

जब तक शरीर में खून की एक भी बूंद तब तक इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे:मंत्री श्री ए के शर्मा

लखनऊ,05 फरवरी 2026

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए. के. शर्मा ने मऊ भ्रमण के दौरान उसुरी कुटी, मधुबन में संत शिरोमणि श्री रविदास जी की जयंती पखवाड़ा के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत समाज, स्थानीय नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंत्री श्री शर्मा ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।

अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि श्री रविदास जी अत्यंत विलक्षण संत थे, जिनके विचारों को पूरा देश नमन करता है। उन्होंने समाज में व्याप्त बड़े-बड़े आडंबरों और अंधविश्वासों को नकारते हुए मानवता, समानता और आत्मशुद्धि का मार्ग दिखाया। “मन चंगा तो कठौती में गंगा” जैसे उनके विचार आज भी प्रत्येक व्यक्ति को आत्मचिंतन और सदाचार की प्रेरणा देते हैं।मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि संत रविदास जी का यह संदेश था कि ईश्वर को खोजने के लिए कहीं बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि ईश्वर हमारे भीतर ही विद्यमान है। यदि मन स्वच्छ, निर्मल और पवित्र हो तो उसी के माध्यम से ईश्वर का साक्षात्कार किया जा सकता है। उनके विचार समाज में आपसी सद्भाव, भाईचारे और समरसता को मजबूत करने वाले हैं।

श्री शर्मा ने कहा कि उसुरी कुटी के समग्र विकास के लिए वंदन योजना के अंतर्गत लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत का प्रस्ताव शासन स्तर पर प्रक्रियाधीन है, जिसकी स्वीकृति शीघ्र प्राप्त हो जाएगी। इससे इस पावन स्थल का सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं का विस्तार एवं श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।मंत्री श्री शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मऊ जनपद एवं मधुबन क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर गति पकड़ रहे हैं। विद्युत सब स्टेशन की स्थापना, डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण, घाटों का विकास सहित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं और आने वाले समय में और भी विकास कार्य किए जाएंगे।

मंत्री श्री एक शर्मा ने मुखर होते हुए कहा कि पूर्व में मऊ का विकास ठहर सा गया था, कई ऐसे कार्य थे जो समय पर हो सकते थे लेकिन नहीं हुए। अब सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ रुके हुए सभी विकास कार्यों को पूर्ण कर रही है। मंत्री श्री शर्मा ने भावुक शब्दों में कहा कि जब तक शरीर में खून की एक बूंद भी है, तब तक इस मिट्टी के लिए संघर्ष करते रहेंगे और मऊ का विकास करके दिखाएंगे।मंत्री श्री शर्मा ने यह भी कहा कि विद्युत क्षेत्र में संरचनात्मक सुधार किए गए हैं और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसके साथ ही शिक्षा, संस्कृति, पर्यटन एवं अन्य क्षेत्रों में भी संतुलित और सतत विकास का कार्य लगातार जारी है।

इस अवसर पर श्री भोलाराम जी,श्री अखिलेश कुमार,चेयरमैन नगर पालिका परिषद (मधुबन) श्रीमती आरती मल्ल, पूर्व चेयरमैन श्री शंकर मद्धेशिया, पूर्व जिलाध्यक्ष श्री हौसला उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Sallauddin Ali

50% LikesVS
50% Dislikes

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
close