नगर आयुक्त ने शहंशाहपुर गौशाला का किया निरीक्षण

व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु दिए महत्वपूर्ण निर्देश
वाराणसी। नगर आयुक्त द्वारा आज शहंशाहपुर स्थित नगर निगम गौशाला का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में उपलब्ध व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन करते हुए स्वच्छता, पशु-स्वास्थ्य, प्रकाश व्यवस्था एवं हरित वातावरण को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने गौशाला परिसर में व्यापक पौधरोपण, समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, गौवंशों की नियमित धुलाई एवं साफ-सफाई, डिफॉगर मशीन के प्रभावी उपयोग, उचित रजिस्टर संधारण, बीमार पशुओं के त्वरित एवं समुचित उपचार तथा गोबर से उप-उत्पाद तैयार कर आत्मनिर्भरता बढ़ाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिए।
उन्होंने कहा कि गौशाला में संरक्षित गौवंशों की देखभाल, पोषण एवं स्वास्थ्य सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाते हुए गौशाला को मॉडल स्वरूप में विकसित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान पशु कल्याण अधिकारी डा0 संतोष पाल सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
























