जेल में मचा हड़कंप! DM डॉ. दिनेश चंद्र और SP कुंवर अनुपम सिंह का ताबड़तोड़ औचक निरीक्षण

जौनपुर। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से जिला कारागार जौनपुर का औचक निरीक्षण किया। अचानक हुए इस निरीक्षण से कारागार प्रशासन में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लिया। बैरकों, बंदी गृह, रसोईघर, अस्पताल कक्ष, सीसीटीवी कंट्रोल रूम सहित अन्य व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थानों का विशेष निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने जेल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि बंदियों की सुरक्षा, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाएं और भोजन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक चाक-चौबंद रखने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने जेल के अभिलेखों की भी जांच की और बंदियों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कारागारों में पारदर्शिता और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस औचक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य जेल के भीतर अनुशासन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ करना है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके।
प्रशासन की इस सख्ती से साफ संकेत मिल रहा है कि जनपद में कानून-व्यवस्था के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
























