जिलाधिकारी ने एस.आई.आर कार्यों का औचक निरीक्षण किया

सभी पात्र लोगों से अपील है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम का सत्यापन अवश्य करें तथा आवश्यक होने पर दावा / आपत्ति दर्ज कराएं: जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार
मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर दावा आपत्ति दिया जा सकता है: जिलाधिकारी
दावा आपत्ति देने का समय दिनांक 06.1.2026 से दिनांक 06.02.2026 तक निर्धारित है: जिला निर्वाचन अधिकारी
वाराणसी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01.01.2026 के आधार पर जनपद की समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस क्रम में दिनांक 06 जनवरी, 2026 को जनपद के समस्त मतदान बूथों पर मतदाता सूची का आलेख्य (ड्राफ्ट) प्रकाशन कर दिया गया था। उक्त कार्यक्रम के अंतर्गत 11 जनवरी, 2026 (रविवार) को जनपद के सभी बूथों पर मतदाता सूची का पठन-पाठन (पढ़कर सुनाया जाना) किया गया था। आज पुनः जनपद के समस्त बूथों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची पढ़कर सुनाए जाने की कार्यवाही की गयी। इसी विशेष अभियान के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने आज नगर निगम में स्थापित बूथ पर जाकर मतदाता सूची को बीएलओ द्वारा पढ़कर सुनाए जाने, एएसडी / अनकलेक्टेबल / अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस जारी करने, फॉर्म-6, 6ए, 7 और 8 के वितरण आदि कार्यों का औचक निरीक्षण किया तथा सुपरवाइजर व बीएलओ से अद्यतन प्रगति के संबंध में विस्तृत जानकारी ली।
जिलाधिकारी द्वारा सभी बीएलओ के पास 06 जनवरी, 2026 को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची, गणना अवधि के दौरान अप्राप्य (Uncollectable) श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं की सूची तथा अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक व डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची के साथ-साथ दावे एवं आपत्तियों से संबंधित सभी आवश्यक फार्म-6 (घोषणा-पत्र सहित), 6ए, 7 एवं 8 (घोषणा-पत्र सहित) पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता का भी अवलोकन किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे मतदाता जो ऑनलाइन सूची में अपना नाम नहीं देख सके हैं, वे बूथ पर जाकर अपना नाम देख लें।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी पात्र लोगों से अपील किया है कि वे निर्धारित तिथियों के भीतर मतदाता सूची का अवलोकन कर अपने नाम का सत्यापन अवश्य करें तथा आवश्यक होने पर दावा / आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि आलेख्य निर्वाचक नामावली पढ़े जाने संबंधी कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित किया जाना है कि प्रकाशित नामावली में यदि कोई कमी प्रदर्शित हो रही है तो उस कमी को दूर करने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही इसी अवधि में की जा सकें।
मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर दावा आपत्ति दिया जा सकता है। दावा आपत्ति देने का समय दिनांक 06.1.2026 से दिनांक 06.02.2026 तक निर्धारित है, साथ ही 18 वर्ष पूर्ण कर चुके नागरिक मतदाता सूची में नाम सम्मलित कराने हेतु अपना फार्म-6 भरकर बी०एल०ओ० के पास जमा कर सकते है। इसके अतिरिक्त https://voters.eci.gov.in पर जाकर आनलाईन आवेदन किया जा सकता है।
निरीक्षण के दौरान एसीएम-1 / निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शिवानी सिंह सहित सुपरवाइजर व बीएलओ मौजूद रहे।






