जसपुर पूर्व बिधायक डा.सिंघल को डम्पर से कुचलने का प्रयास, साज़िश या इत्तेफ़ाक़

जसपुर / उत्तराखंड ( रिज़वान अहसन ),,,,, भाजपा के कद्दावर नेता एवं पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने एक डंपर चालक पर अपनी गाड़ी को कुचलने की कोशिश कर जान से मारने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मामला सीधे तौर पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
डॉ. सिंघल ने कुंडा कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे वह काशीपुर से सिद्धार्थ पेपर मिल की ओर से लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक डंपर चालक ने कथित तौर पर अत्यंत लापरवाही और आक्रामक अंदाज में उनकी कार के ऊपर डंपर चढ़ाने की कोशिश की।
पूर्व विधायक के अनुसार, डंपर की यह हरकत केवल लापरवाही नहीं बल्कि सीधी जानलेवा कोशिश थी। “ड्राइवर की सूझबूझ नहीं होती तो आज बड़ा हादसा तय था,” उन्होंने कहा। गनीमत रही कि समय रहते वाहन नियंत्रित कर लिया गया, वरना हादसा भयावह हो सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कुंडा पुलिस ने अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 — सार्वजनिक मार्ग पर खतरनाक या लापरवाह ड्राइविंग — के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी एसआई गणेश दत्त भट्ट को सौंपी गई है।
हालांकि सवाल यह भी उठ रहे हैं कि अगर यह केवल लापरवाही थी तो वाहन चालक मौके से फरार क्यों हुआ? और यदि यह सुनियोजित था, तो इसके पीछे कौन और क्यों?
क्षेत्र में चर्चाएं हैं कि क्या यह महज सड़क पर लापरवाही थी या इसके पीछे कोई और मंशा छिपी है? पुलिस जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी, लेकिन फिलहाल काशीपुर की सियासत में इस घटना ने हलचल जरूर मचा दी है।
























