जल जीवन मिशन का काम बना मुसीबत: शमशाबाद में जाम में फंसी एंबुलेंस, बड़ा हादसा टला

आसिफ राजा
शमशाबाद, फर्रुखाबाद।शमशाबाद क्षेत्र में जल जीवन मिशन के तहत चल रहे निर्माण कार्य ने आमजन की मुश्किलें बढ़ा दीं। रामलीला मैदान–चिलसरा मार्ग पर पानी की टंकी के निर्माण के कारण मुख्य सड़क पर भीषण जाम लग गया। इस जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई, जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शमशाबाद से एक बीमार व्यक्ति को लेने चिलसरा की ओर जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य में लगी एक जेसीबी मशीन मंगलवार को मुख्य मार्ग पर खड़ी होकर यातायात में अवरोधक बन गई। सड़क संकरी होने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। जाम के चलते एंबुलेंस काफी देर तक फंसी रही, जिससे मरीज तक समय पर पहुँचने में देरी हुई।
जाम में फंसे लोगों ने दिन के समय भारी मशीनों और वाहनों के उपयोग पर नाराजगी जताई। लोगों का कहना था कि इस तरह की लापरवाही से कभी भी कोई गंभीर हादसा हो सकता है। इसी दौरान जाम से निकलने की कोशिश में एक ई-रिक्शा असंतुलित होकर पलटने से बाल-बाल बच गया। अचानक हुई इस घटना से ई-रिक्शा में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्हें कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी।
स्थानीय लोगों ने सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन और ‘हर घर नल से जल’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि योजना अच्छी है, लेकिन उसे लागू करने में जिम्मेदारी और समन्वय की कमी साफ दिखाई दे रही है। लोगों ने मांग की कि निर्माणाधीन पानी की टंकी के कार्य में लगे भारी वाहनों और मशीनों का संचालन दिन की बजाय रात के समय किया जाए, ताकि दिन में यातायात सुचारू रहे और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।





