गौशाला मे लगी भयंकर आग, छ: गौवंशीय पशु जलकर मरे,, लाखों का नुकसान

उत्तरकाशी / उत्तराखंड ( रिज़वान अहसन ),,,,विकासखंड भटवाड़ी के दूरस्थ सिल्ला गांव में शुक्रवार सुबह एक गोशाला में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। आग की चपेट में आकर गोशाला में बंधे छह मवेशियों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि गोशाला में रखा घरेलू सामान, खाद्यान्न, बिस्तर, कपड़े और घास पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए। इस घटना से पीड़ित परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।जिला आपदा प्रबंधन केंद्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8:40 बजे ग्राम सिल्ला में शैलेंद्र सिंह और विकास सिंह की संयुक्त गोशाला से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी गोशाला को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि उस पर काबू नहीं पाया जा सका। अग्निकांड के दौरान गोशाला में बंधी एक भैंस, तीन बैल, एक गाय और एक गाय के बछड़े सहित कुल छह मवेशियों की जलकर मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। उप निरीक्षक भैला टिपरी ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा प्रभावित परिवारों को सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है






