कूड़े कचरे से खाद बनाने का प्रशिक्षण एवं मुफ्त कम्पोस्ट वितरण 26 को निगम काशीपुर मे

काशीपुर/ उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,शहर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम काशीपुर द्वारा 26 फरवरी 2026 को दोपहर 02 बजे नगर निगम पार्किंग परिसर में नि:शुल्क कम्पोस्ट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को गीले कचरे के सही प्रबंधन तथा उससे जैविक कम्पोस्ट तैयार करने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों द्वारा गीला एवं सूखा कचरा अलग करने की विधि समझाई जाएगी, जिससे लोग अपने घरों में ही कचरे का प्रभावी प्रबंधन कर सकें। साथ ही घर पर सरल तरीके से कम्पोस्ट बनाने का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में तैयार जैविक कम्पोस्ट का नि:शुल्क वितरण किया जाएगा, ताकि नागरिक इसके उपयोग और लाभ को प्रत्यक्ष रूप से समझ सकें। कम्पोस्ट के प्रयोग से मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है, पौधों की बेहतर वृद्धि होती है तथा लैंडफिल में जाने वाले कचरे की मात्रा कम होती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है।
नगर निगम काशीपुर ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाएं और काशीपुर को स्वच्छ, सुंदर एवं हरित शहर बनाने में अपना योगदान दें।
























