आचार्य श्री सुबल सागर जी के सान्निध्य में निकली भव्य घट यात्रा, गूंजे जयकारे

इन्तिजार अहमद खान
इटावा। शहर के श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, लालपुरा में इन दिनों धर्ममय और आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त है। तपस्वी सम्राट आचार्य श्री 108 सन्मति सागर महाराज जी के अंतिम शिष्य आचार्य श्री 108 सुबल सागर महाराज जी ससंघ विराजमान हैं। उनके पावन सान्निध्य में पच्चीस मंडलीय सिद्धचक्र महामंडल विधान का भव्य आयोजन प्रारंभ हुआ, जिससे समूचा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।विधान का शुभारंभ मेहगांव से पधारे विधानाचार्य संदीप जैन शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण एवं मंगलाचरण के साथ किया गया। प्रातःकाल मंदिर परिसर से गाजे-बाजे और ढोल-नगाड़ों की मधुर ध्वनि के बीच भव्य घट यात्रा निकाली गई। यात्रा में महिलाओं ने पीले वस्त्र धारण कर सिर पर कलश एवं मुकुट-माला सजाकर अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। पूरा वातावरण “जय जिनेंद्र” के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा।
घट यात्रा में पात्र सौधर्म इंद्र विवेक जैन, कुबेर इंद्र विशाल जैन (मेडिकल), महेंद्र इंद्र महावीर प्रसाद जैन, ईशान इद्रं राजीव जैन किराना,यज्ञनायक इंद्र शैलेश जैन तथा राजाश्री पाल सौरव जैन को बग्गियों में विराजमान होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। इंद्रों द्वारा पालकी पर विराजमान श्रीजी को कंधों पर उठाकर यात्रा का संचालन किया गया, जो भक्तों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
यह शोभायात्रा लालपुरा जैन मंदिर से प्रारंभ होकर रंगलाल चौराहा, राजागंज चौराहा, सीओ सिटी चौराहा, तिकोना, पक्की सराय सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर पुनः मंदिर परिसर में पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर आचार्य श्री एवं श्रीजी की आरती उतारी और भव्य स्वागत किया।मंदिर पहुंचने के उपरांत श्रीजी को पालकी से ससम्मान उतारकर पादुका शिला पर विराजमान किया गया। तत्पश्चात इंद्रों द्वारा विधि-विधान से अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न कराई गई। ध्वजारोहण का सौभाग्य जैन समाज अध्यक्ष संजू जैन ‘ठेकेदार’ को तथा मंडप उद्घाटन का सौभाग्य अनिल जैन (अहिंसा परिवार) को प्राप्त हुआ।विधान के दौरान लोकेश एंड पार्टी द्वारा प्रस्तुत भक्ति संगीत ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु भक्ति नृत्य में झूम उठे और पूरा मंदिर परिसर धर्म एवं आस्था के रंग में रंग गया।कार्यक्रम में महेश जैन रपरिया अनूप जैन खंजाची अशोक जैन पीयूष जैन, सोनू जैन, सुनील जैन, चिंटू जैन रोहित जैन, भोलू जैन, वैभव जैन, गौरव जैन सहित श्री दिगंबर जैन साधु सेवा समिति के सभी पदाधिकारी एवं सकल दिगंबर जैन समाज के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी महिला मडंल मौजूद रहा। मंच संचालन चक्रेश जैन ने किया।यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए चौकी इंचार्ज मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मुस्तैदी से तैनात रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
यह धार्मिक आयोजन 19 फरवरी तक विभिन्न पूजन, विधान एवं आध्यात्मिक प्रवचनों के साथ जारी रहेगा।
























