आकाश पटेल पुलिस उपायुक्त गोमती जोन द्वारा गोमती जोन के समस्त थाना प्रभारी के साथ कार्यों की समीक्षा गोष्ठी कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश

वाराणसी :- आकाश पटेल पुलिस उपायुक्त गोमती जोन कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा गोमती जोन कार्यालय में जोन के समस्त थाना प्रभारियों के साथ कार्यों की विस्तृत समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई | गोष्ठी में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश प्रदान किए गए |
समीक्षा के दौरान गैंगेस्टर एक्ट,गुंडा एक्ट एवं एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत अभियोगों की गहन समीक्षा की गई | वांछित एवं फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष अभियान संचालित कर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए | लंबित विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए विवेचकों के साथ नियमित बैठक कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया |
गौ-वध से संबंधित प्रकरणों में कठोर निरोधात्मक,कार्यवाही संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी एवं सक्रिय सूचना तंत्र बनाए रखने के निर्देश दिए गए | हिस्ट्रीशीटर अपराधियों की संख्या,उनके वर्तमान निवास,गतिविधियों एवं आजीविका का सत्यापन कर निरंतर निगरानी रखने को कहा गया | लूट एवं चोरी की घटनाओं में वांछित अभियुक्तों की लोकेशन ट्रेस कर तकनीकी एवं पारंपरिक माध्यमों से शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया |
जन शिकायतों एवं आईजीआरएस प्रार्थना पत्रों का भौतिक सत्यापन कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया | आगामी त्यौहारों को सकुशल संपन्न कराए जाने के दृष्टिगत पीस कमेटी की बैठक आयोजित कर संवेदनशील एवं विवादित स्थलों का भ्रमण कर आवश्यक निवारक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए | साथ ही चिन्हित माफियाओं एवं उनके परिजनों की अर्जित संपत्तियों का सत्यापन कर विधिक प्रावधानों के अंतर्गत जब्ती/कुर्की की कार्रवाई प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया ||
























