अगले माह से काशी की तर्ज़ पर सजेगा काशीपुर – दीपक बाली

काशीपुर / उत्तराखंड (नसरीन खान निशा ),,,,महापौर दीपक बाली ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी एवं विकासोन्मुख मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा काशीपुर को काशी की तर्ज पर सजाने की जो घोषणा की गई थी, उस दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आगामी फरवरी माह से शहर के प्रमुख चौराहों के सौंदर्यकरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा।महापौर ने बताया कि प्रथम चरण में महाराणा प्रताप चौक तथा स्टेडियम तिराहे के पास स्थित सिंह द्वार क्षेत्र का सौंदर्यकरण फरवरी माह में शुरू होगा।

इन दोनों चौराहों के सौंदर्यकरण पर क्रमशः लगभग 8 करोड़ और 10 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि जिन नामों पर चौराहों का नामकरण किया गया है, उनका सौंदर्यकरण भी उसी अनुरूप किया जाएगा ताकि वहां पहुंचने पर नाम के अनुरूप अनुभूति हो।

चौराहों के सौंदर्यकरण को लेकर नगर निगम सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, आर्किटेक्ट मनोज जोशी सहित एनएच, पीडब्ल्यूडी, एआरटीओ, जल निगम एवं जल संस्थान समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में प्रस्तावित सौंदर्यकरण कार्यों की प्रेजेंटेशन प्रस्तुत की गई और आपसी विचार-विमर्श कर कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने की रणनीति बनाई गई।उधम सिंह नगर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जय किशन ने बताया कि घोषित सभी सात चौराहों का सौंदर्यकरण किया जाएगा, जिसमें लगभग एक वर्ष का समय लगेगा और इस पर करीब 30 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि फरवरी माह में शुरू होने वाले दोनों प्रमुख चौराहे आधुनिक सुविधाओं से युक्त होंगे और शहर की सुंदरता को नई पहचान देंगे।






